Baliya

Apr 14 2024, 17:42

बैरिया: दूर होगी बिजली उपभोक्ताओं की यह शिकायत

संजीव सिंह बलिया : बार बार बिजली बिल मे गड़बड़ी की शिकायत उपभोक्ताओं द्वारा की जाती रही है। ऐसे उपभोक्ताओ के लिए राहत भरी खबर है। अधिक बिजली बिल आने की समस्या जल्द दूर हो जाएगी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा समस्या समाधान का प्रयास शुरू किया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब उपभोक्ताओं को सुपरवाइज्ड बिल दी जाएगी, जिस पर विभागीय कर्मियों, कार्यालय संस्था के अभिकर्ता का हस्ताक्षर होगा।

जिले में इसे अलग-अलग एजेंट को बिजली बिल निकालना व उसकी निगरानी करने सहित हस्ताक्षर कर उसे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का जिम्मा दिया गया है। उपभोक्ताओं की ओर से लगातार बिजली बिल में गड़बड़ी को लेकर शिकायत की जाती रही है। उपभोक्ता इसे सुधारने के लिए कार्यालयो का चक्कर लगाते लगाते थक जाते थे। कुछ भी ठीक नहीं हो पता था।

कुछ तो अधिभार के छूठ का रास्ता देखते रहते थे। लेकिन इसमें लंबा समय लग जाता था। बता दे कि क्षेत्र में मीटर रीडिंग की जिम्मेदारी जिस कार्यदाही संस्था को दी गई है। उसमें एक जाति विशेष के ही कर्मियों को मीटर रीडिंग के लिए रखा गया है।जो अपने मनमाने तरीके से उपभोक्ताओं को त्रस्त कर चुके हैं। इस समस्या से बचने के लिए व बचाने के लिए उपभोक्ताओ के मीटर का डाटा तैयार करने की योजना है।

इसमें उपभोक्ताओं के मीटर के नंबर के साथ-साथ अन्य व्योरा व मीटर रीडिंग दर्ज होगा। कर्मियों की ओर से क्रास चेकिंग की जाएगी। अंतर मिलने पर मीटर रीडिंग करने वाले कर्मी व संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था से सही मीटर रीडिंग होगी। बिजली बिल संशोधन के लिए लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। यह समस्या सिर्फ छोटे विद्युत उपभोक्ताओं की थी। पांच किलोवाट क्षमता से अधिक के कनेक्शन की बिलिंग एमआरआई के तरफ से तैयार की जा रही है।

इसमें रीडिंग स्टोर रीडर की गड़बड़ी कोई विकल्प नहीं रहता है। ऑनलाइन बिल को लेकर बिल जनरेट किया जाता है। इस संदर्भ में उपखंड अधिकारी अंबुज तिवारी से पूछने पर बताया कि उपभोक्ताओं के जारी होने वाली बिल में गड़बड़ी न हो, इसके लिए विभाग तत्पर है। अगर गड़बड़ी होगी तो उसे सुधार करके उपभोक्ताओं को दिया जाएगा।

Baliya

Apr 14 2024, 10:25

वरिष्ठ कांग्रेस नेता रौशन सिंह चंदन ने दिया पार्टी से इस्तीफा

संजीव सिंह बलिया ।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को एक और बड़ा झटका लगा है। प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (सहकारिता प्रकोष्ठ) रौशन सिंह चंदन ने कांग्रेस के सभी पदों सहित कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया।

श्री चंदन ने त्यागपत्र कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रेषित किया है। उसकी प्रति प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजा है।त्यागपत्र देने के बाद मीडिया से मुखातिब श्री चंदन ने कांग्रेस से नाता तोड़ने के कारण को विस्तार से बताया। कहा अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा में कांग्रेस पार्टी के स्टैण्ड से मैं बेहद ही क्षुब्ध हूँ।

रघुवंशी श्रीराम व सास्वत सनातन धर्म का विरोध मुझे स्वीकार नहीं है। कहा जब मैंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन किया, तब मेरा मानना था कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है। जहाँ पर युवा, बौद्धिक लोगों की, उनके आइडिया की कद्र होती है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मुझे महसूस हुआ कि पार्टी का मौजूदा स्वरूप नये आइडिया वाले युवाओं के साथ खुद को एड्जस्ट नहीं कर पाती।

कहा भावुक हूं, मन व्यथित है, काफी कुछ कहना चाहता हूँ, लिखना चाहता हूँ, बताना चाहता हूँ लेकिन मेरे संस्कार ऐसा कुछ कहने से मना करते है, जिससे दूसरों को कष्ट पहुंचे, फिर भी मैं अपनी बातों को आपके समक्ष रख ही रहा हूं कारण क्योंकि मुझे लगता है कि सच को छुपाना भी अपराध है और अपराध का भागी नहीं बनना चाहता। कहा मैं सन् 1995 में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। उसके बाद एनएसयूआई अध्यक्ष बलिया युवा कांग्रेस अध्यक्ष बलिया, प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस, प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस, प्रदेश संगठन मंत्री/ प्रभारी आजमगढ़ मण्डल सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ, प्रदेश महासचिव उप्र कांग्रेस कमेटी (विचार विभाग), प्रदेश उपाध्यक्ष उप्र कांग्रेस कमेटी (सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ) पर्दो पर रहा। वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष उप्र कांग्रेस कमेटी (सहकारिता प्रकोष्ठ) पद पर हूं।

कहा पिछले कुछ दिनों से पार्टी के स्टैण्ड से असहज महसूस कर रहा हूँ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के भाई की जिसने हत्या की, उस हत्यारे की मौत पर प्रदेश अध्यक्ष की कमेटी के पदाधिकारी ही शोक संवेदना व्यक्त करने, उस हत्यारे के घर गए जो कि बेहद ही निंदनीयहै। प्रदेश अध्यक्ष अपनी कुर्सी बचाने के लिए के लिए ऐसे पदाधिकारियों के आगे अपने आपको गिरवी रख चुके है। मैं अपने सम्मान से समझौता नहीं कर सकता।

कहा मैं जन्म से हिन्दू व सनातन धर्म से हूँ, पार्टी व गठबन्धन से जुड़े कई लोग सनातन व गौ माता के विरोध में बोलते है, और पार्टी का उस पर चुप रहना, उसे मौन स्वीकृति देने जैसा है। पार्टी आज जिस प्रकार से दिशाहीन होकर आगे बढ़ रही है, उससे में खुद को सहज महसूस नहीं कर पा रहा मैं ना तो सनातन विरोधी नारे लगा सकता हूँ और ना ही सुबह-शाम देश के वेल्थ क्रिएटर को गाली दे सकता हूँ इसलिए में कांग्रेस पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे रहा हूँ।

Baliya

Apr 13 2024, 15:07

*कम्पोजिट विद्यालय रानीगंज के दो छात्रों का आश्रम पद्धति स्कूल में हुआ चयन, गुरुजनों ने किया सम्मनित*

संजीव सिंह

बलिया- विकास खंड बैरिया के कम्पोजिट विद्यालय रानीगंज से दो बच्चों का चयन राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के लिये होना स्कूल की बड़ी उपलब्धि और पढाई की गुणवत्ता संतोषजनक होने की तस्दीक करने वाला है। जिन बच्चों का चयन हुआ है उनको स्कूल परिवार ने सम्मानित किया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शुकदेव पाण्डेय ने बताया है कि अभय कुमार पुत्र अनिल कुमार राम व मोहित साह पुत्र हरिओम प्रकाश निवासी कोटवा रानीगंज को आज विद्यालय में बुला कर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रधानाध्यापक ने इस सफलता के लिए विद्यालय परिवार के राजेश सिंह,पंकज सिंह,दिनेश तिवारी,निशा मिश्रा एवं रेणुका गुप्ता को धन्यवाद ज्ञापित किया। खण्ड शिक्षा अधिकारी पंकज मिश्र ने पूरे विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है। बच्चे ईमानदारी पूर्वक मेहनत के साथ पढ़ाई करते हुए आगे बढ़ते रहें। उन्होंने ब्लॉक के अन्य विद्यालय को भी इससे प्रेरणा लेने की बात की। इस अवसर पर विक्की सिंह,आशुतोष श्रीवास्तव,रमेश तिवारी,नेहा गुप्ता,श्रीनिवास यादव,सत्येंद्र सिंह सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित था।

Baliya

Apr 12 2024, 22:25

हनुमानगंज में निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली

 संजीव सिंह बलिया । हनुमानगंज :जिला अधिकारी के निर्देश के क्रम में स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर स्वीप कार्यक्रम के तहत हनुमान गंज में उच्च प्राथमिक विद्यालय धरहरा,सेन्टजेबियर्स , ज्ञान पीठिका जीराबस्ती में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। मतदाता जागरूकता रैली को जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश सिंह, एवं जिला बेसिक अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने अपील किया की वे निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करें। किसी अपवाह में न आये

प्रशासन उनके साथ खड़ा हैं।

इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी हनुमानगंज आशुतोष कुमार तिवारी, डाo इस्तफार खान नोडल स्वीप, 

एआरपी, नोडल शिक्षक संकुल आदि जीराबस्ती, हनुमानगंज के विद्यालयों के शिक्षकगण मौजूद रहे।

Baliya

Apr 12 2024, 14:53

उच्च प्राथमिक विद्यालय ताडीबड़ा गांव विद्यालय में निकाली गई स्कूल चलो अभियान के तहत रैली

संजीव सिंह बलिया ।नगरा :शिक्षा-क्षेत्र नगरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय ताड़ीबड़ा गांव में स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गयी। रैली को प्रधान प्रतिनिधि रमेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चे जूलूस के शक्ल में एक बच्चा छूट गया, लक्ष्य हमारा टूट गया, अंधकार को क्यों धिक्कारे , बेहतर है एक दीप जलाए आदि नारे लगा रहे थे।

शिक्षक शिक्षिकाये अभिभावकों से मिलकर बच्चों का नाम परिषदीय विद्यालयों में लिखवाने की अपील कर रहे थे। छात्र छात्राये जूलूस के शक्ल में ग्राम सभा ताड़ीबड़ागांव व आसपास के गांवों से होते हुए पुन: उच्च प्राथमिक विद्यालय ताड़ीबड़ागांव पहुंचे। जूलूस विद्यालय प्रांगण में समारोह के रूप में परिणत हो गया। समारोह में छात्र छात्राओं ने मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिसे लोगों ने खूब सराहा। खूब तालियां बजाईं। समारोह का संचालन संकुल शिक्षक सुभाष चन्द्र ने किया।

इस अवसर पर अनिल कुमार सिंह, प्रदीप सिंह, सरोज सिंह , रेनू सिंह, शैल कुमारी,दिनेश कुमार ,अमित कुमार पांडेय,गिरीश चंद्र,सुरेंद्र यादव ,बृजेश यादव संजय सिंह,राजू गुप्ता,अनिल कुमार के आलावा न्याय पंचायत ताड़ीबडागांव के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए शिक्षक व बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के आयोजक उच्च प्राथमिक विदयालय ताड़ीबड़ागांव के प्रधानाध्याप सरोज सिंह ने उपस्थित अभ्यागत जनो का आभार व्यक्त किया।

Baliya

Apr 12 2024, 14:52

बलिया: भूत प्रेत की शक्तियों से मुक्ति के लिए बाबा के दरबार में गई महिला की मौत

संजीव सिंह बलिया ।मनियर थाना क्षेत्र के बुढ़वा बाबा के यहां चैत्र नवरात्र मेले में आई एक महिला की गुरुवार को मौत हो गई. वह बुरी आत्माओं से सुरक्षा मांगने आई थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मनियर पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया. एंबुलेंस से परिजन शव को नेपाल ले गए।

बताया जाता है कि मंजू देवी (45) का स्वास्थ्य पिछले चार-पांच वर्षों से गिर रहा है। वह नेपाल के नवलपरासी के बेलाटारी क्षेत्र के प्रतापपुर गऊ पालिका-5 बदौली थाना क्षेत्र के रहने वाले कोदई यादव की पत्नी है। हर साल की तरह, बुरी आत्मा से छुटकारा पाने की कोशिश में अन्य नेपाली नागरिकों के साथ मनियार बुढ़वा ब्रह्म स्थान की यात्रा करने के बाद बुधवार को उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद अफरातफरी का माहौल बन गया।

लोगों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया. इस संबंध में मनियर थाना प्रभारी मंतोष सिंह ने बताया कि महिला पहले से ही बीमार थी. परिवार किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई के खिलाफ था. वह शव को समाज के बीच ले जाना चाहता था। पंचनामा के बाद शव परिजनों को दे दिया गया।

Baliya

Apr 10 2024, 16:26

गाजीपुर से भाजपा प्रत्याशी पारस नाथ राय, नाम की घोषणा होते ही सियासी पारा गर्म

संजीव सिंह बलिया ।भाजपा ने चर्चाओं का दौर समाप्‍त कराते हुए गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भाजपा ने पारसनाथ राय को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पारसनाथ राय के नाम की घोषणा होते ही जिले में सियासी पारा गरम हो गया। नाम को लेकर राजनीतिक पंडित अलग-अलग तरीके से व्‍याख्‍या करने लगेले, लेकिन यह चर्चा सबसे ज्‍यादा रही कि गाजीपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी के अंदर जो महामहीम चाहेंगे वही होगा।

पारसनाथ राय सिखड़ी ब्‍लाक मनिहारी के निवासी हैं। इनके पिता का नाम मंगला राय है। पारसनाथ राय का सम्‍बंध पढ़ाई के दौरान बीएचयू में मनोज सिन्‍हा से हुआ। पढ़ाई समाप्‍त करने के बाद पारसनाथ राय ने सिखड़ी में आकर मालवीय जी के प्रेरणा से पंडित मदन मोहन मालवीय सिखड़ी इंटर कालेज का स्‍थापना किया, इसके बाद शबरी पीजी कालेज सिखड़ी की स्‍थापना की। जब-जब मनोज सिन्‍हा गाजीपुर का लोकसभा चुनाव लड़ते थे, तब-तब उनके चुनाव संचालन में पारसनाथ राय महत्‍वपूर्ण भूमिका अपनाते थे। पहली बार सक्रिय राजनीति में भाजपा ने उन्‍हे लोकसभा प्रत्याशी बनाया है।

पारसनाथ राय बहुत लम्बे समय से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े थे।वे 1986 मे संघ के जिला कार्यवाह सहित विभिन्न पदों पर सफल दायित्व निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान समय में जौनपुर के सह विभाग सम्पर्क प्रमुख तथा क्रय विक्रय सहकारी समिति जंगीपुर के अध्यक्ष हैं। पारस राय जी शबरी महिलामहाविद्यालय सिखड़ी, पं मदन मोहन मालवीय इंटर कालेज तथा विद्या भारती विद्यालय के प्रबंधक है। अब देखना है कि राजनीति और बाहुबल में मजे खिलाड़ी अफजाल अंसारी का सामना कैसे करते हैं।

Baliya

Apr 10 2024, 16:25

पक्ष को जनता की नहीं अपने परिवार की चिंता: राजनाथ सिंह

सहारनपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष को जनता की नहीं अपने परिवार की चिंता है। हम जो कहते हैं वह करते हैं। राजनीति के प्रति व राजनेताओं के प्रति विश्वास का संकट था। नेताओं की कथनी व करनी में अंतर था। इस संकट को दूर करने का काम भाजपा ने किया। हमारी पार्टी जो कहेगी वह करेगी।

राजनाथ सिंह ने बुधवार को सहारनपुर के भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी ने जनता के लिए जो काम किया वह आज तक किसी ने नहीं किया। केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं देश की जनता यह भलीभांति जानती है कि नरेन्द्र मोदी अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का काम हुआ है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर बन रहा है।

उन्होंने कहा कि राजनीति देश बनाने के लिए की जानी चाहिए। यही काम भाजपा कर रही है। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत कोई बात कहता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है। अब कमजोर भारत नहीं रहा। आज मजबूत भारत है। हम केवल हथियार बना ही नहीं रहे हैं बल्कि दूसरे देशों को रक्षा उत्पादों का निर्यात भी कर रहे हैं। हमारा रक्षा निर्यात जो 2014 में बमुश्किल 600 करोड़ था, आज वह 21 हजार करोड़ पहुंच गया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में बड़े परिवर्तन हुए हैं। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा था। भारत के बहुत से बच्चे यूक्रेन में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। हमारे प्रधानमंत्री ने रूस व यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की और भारत के बच्चों को बाहर निकालने के लिए दोनों देशों के बीच युद्ध रोका गया। उन्होंने कहा कि हमारे देश के वैज्ञानिकों ने करिश्माई काम किया है। धरती पर ही नहीं चन्द्रमा पर भी लैंड करने पर हमारे वैज्ञानिकों ने सफलता पाई है।

रक्षामंत्री ने कहा कि स्वागत व अभिनन्दन भारत की परम्परा है लेकिन यह एकतरफा नहीं होना चाहिए। उत्तर प्रदेश के लोगों के साथ हमारा विशेष रिश्ता है लेकिन जितना समय देना चाहिए प्रदेश को वह मैं नहीं दे पा रहा हूं। जब भी मुझे उत्तर प्रदेश में आने का अवसर मिलता है तो मुझे आत्मिक सुख मिलता है।

Baliya

Apr 10 2024, 16:24

लोकसभा चुनाव 2024 : भाजपा की 10वीं सूची जारी, बलिया से नीरज शेखर का टिकट कन्फर्म

संजीव सिंह बलिया।भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में प्रत्याशियों की 10वीं सूची जारी कर दी है। सूची में यूपी के सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। बलिया से पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर सिंह के पुत्र व वर्तमान राज्यसभा सांसद नीरज शेखर को , गाजीपुर से पारस नाथ राय, मछली शहर से बी.पी. सरोज को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, मैनपुरी से जयवीर सिंह ठाकुर को टिकट दिया गया है। कौशाम्बी (सुरक्षित सीट) से विनोद सोनकर को टिकट दिया गया है। फूलपुर से प्रवीण पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। फूलपुर सीट से केसरी देवी पटेल का भी टिकट कटा, विधायक (फूलपुर) प्रवीण पटेल को भाजपा ने बनाया उम्मीदवार। इलाहाबाद से नीरज त्रिपाठी को टिकट दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि बलिया से आठ बार सांसद रहे पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर की मृत्यु के बाद 2007 के उपचुनाव में नीरज शेखर सपा से पहली बार सांसद बने थे। वे लगातार दूसरी बार 2009 में भी सपा से ही जीते थे। हालांकि, 2014 में भाजपा के भरत सिंह से सपा उम्मीदवार के तौर पर नीरज शेखर चुनाव हार गए थे। इसके बाद सपा ने उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया था।

2019 के लोकसभा चुनाव में नीरज शेखर को सपा से टिकट नहीं मिला तो उन्होंने बाद में भाजपा का दामन थाम लिया था। जिसके बाद उन्होंने सपा की राज्यसभा की सदस्यता छोड़ कर भाजपा से दोबारा राज्यसभा में कदम रखा था। अभी उनके राज्यसभा के सांसद का कार्यकाल 2026 तक था। लेकिन भाजपा ने जातीय समीकरणों और पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के पुत्र के रूप में उनकी हाई प्रोफाइल को देखते हुए टिकट दिया है। नीरज शेखर ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। उल्लेखनीय है कि बलिया में आखिरी चरण यानी एक जून को मतदान होना है।

Baliya

Apr 10 2024, 08:54

मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण स्थल का बलिया डीएम ने किया निरीक्षण

संजीव सिंह बलिया । लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को सकुशल संपन्न कराने वाले मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने टीडी कॉलेज के मनोरंजन हाल, जयप्रकाश नारायण सभागार, डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद व्याख्यान कक्ष सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश भी दिया।

कालेज में सभी सात विधानसभाओं और बलिया के बाहर रहने वाले मतदाताओं के लिए वोटर फैसिलिटेशन सेंटर भी बनाया जाएगा। साथ ही मतदान कार्य में लगे कार्मिकों को मतदान करने के लिए इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट और पोस्टल बैलेट की व्यवस्था की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण 1, 2, 3 और 4 म‌ई को होगा। यह प्रशिक्षण प्रत्येक दिन दो पालियों में संपन्न होगा। प्रत्येक पाली में 850 (एक दिन में 1700) मतदान कार्मिकों को ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित सैद्धांतिक और क्रियात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मतदान कार्मिकों की सहायता और उपचार के लिए हेल्प डेस्क और मेडिकल डेस्क की भी स्थापना की जाएगी। पार्किंग की व्यवस्था ऑफीसर्स क्लब में की गई है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ओजस्वी राज, जिविनि रमेश सिंह,डी सी मनरेगा डीएन पांडेय, टीडी कालेज के प्रधानाचार्य रविंद्र मिश्र सहित अन्य अधिकारी, अध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद थे।